भाजपा सरकार भारतीय अर्थव्यवस्था विदेशी कंपनियों के हवाले करती जा रही हैं

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और समाजवादी चिंतक व बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र में मुलाकात

0

लखनऊ (ज़मीनी सच)- आम आदमी पार्टी के नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और समाजवादी चिंतक व बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र में मुलाकात एवं गैर-भाजपावाद पर गहरी चर्चा हुई । बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र ने कहा कि गैर भाजपावाद आज के समय की प्रबल व प्रतिबद्ध मांग है । तत्कालीन कांग्रेस में जिन विकृतियों के कारण राममनोहर लोहिया ने साठ के दशक में गैर-कांग्रेसवाद का नारा दिया था वे सारे दुर्गुण भाजपा में आ गए हैं । भाजपा ने हिंदुत्व, समाजवाद , राष्ट्रवाद, स्वदेशी, विकेंद्रीकरण जैसी अवधारणायों को संकुचित कर दिया है। भाजपा की सिद्धांतहीनता पर खुली बहस चलाने की जरूरत है । बेरोजगारी, बढ़ती आर्थिक विषमता, निरपेक्ष गरीबी, कर्ज , भ्रष्टाचार जैसी बुनियादी राष्ट्रीय समस्याओं पर लोकमानस जब भी बात करने लगता है, भाजपा अमूर्त और भावनात्मक मुद्दे उछाल कर चालाकी से चर्चाओं का रुख मोड़ देती है । आरएसएस और भाजपा की सरकार स्वदेशी के गीत गाते हुए अर्थव्यवस्था विदेशी कंपनियों के हवाले करती जा रही हैं । देश के ऊपर 563 अरब डॉलर का कर्ज चढ़ चुका है । पूरे बजट का पांचवां हिस्सा ब्याज अदायगी में जा रहा है । उत्तर प्रदेश के हालात और भी बुरे हैं। पिछले तीन वर्षों में भ्रष्टाचार पर तीन भी उल्लेखनीय कार्यवाही नहीं हुई । प्रदेश की जनता कोरोना से लड़ रही है और कुछ नेता व अफसर गिरोह बना कर प्रदेश लूट रहे हैं । सैनिटाइजर, ऑक्सीमीटर, पीपीई किट आदि में घोटाला होना दुःखद और समूचे प्रकरण पर भाजपा- आरएसएस नेतृत्व की रहस्यमयी चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है । भाजपा से वैचारिक मोर्चों पर भी लड़ना होगा । दीपक मिश्र ने संजय सिंह को स्वलिखित पुस्तकें “समाजवाद ही क्यों’ एवं “हिंदी, सांस्कृतिक उपनिवेशवाद व समाजवाद’ भेंट की ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here