आज़मगढ़ (ज़मीनी सच)-मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त की अध्यक्षता में आरटीए (संभागीय परिवहन प्राधिकरण) तथा मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वृहस्पतिवार को देर सायं उनके कार्यालय के सभागार सम्पन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए मण्डलायुक्त श्री पन्त ने कहा आज़मगढ़ शहर के अन्दर आटो रिक्शा एवं टैक्सी आदि को अव्यवस्थित ढंग से पार्किंग किये जाने से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इस स्थिति से निजात पाने के लिए परिवहन से सम्बन्धित संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समुचित समाधान निकाला जाय। बैठक में मण्डलायुक्त को अवगत कराया गया कि नगर पलिका क्षेत्र आज़मगढ़ में पूर्व से स्थापित आटो रिक्शा स्टैण्ड को नगर पालिका द्वारा संचालित नहीं किया जा रहा है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी को सख्त निर्देश दिये कि सभी स्थापित आटो रिक्शा स्टैण्ड को तत्काल नगर पालिका द्वारा वैध रूप से संचालित किया जाय, अन्यथा आपके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि नगर सीमा में चलने वाले एवं अन्य क्षेत्र में चलने वाले परमिट प्राप्त आटो रिक्शों की पहचान हेतु उसे अलग अलग रंग का कराये जाने अथवा उस पर पट्टी डाले जाने हेतु सम्बन्धित संघ, परिवहन, पुलिस, नगर पलिका शीघ्र बैठक कर निर्णय लें ताकि चेकिंग में आसानी हो। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर के लिए मरीजों एवं वहाॅं के स्टाफ के आवागमन में हो रही दिक्कतों के दृष्टिगत क्षेत्रीय प्रबन्धक रोडवेज को तत्काल बसों का संचालन करने निर्देश दिया, जिस पर आरएम ने तत्काल सहमति देते हुए कहा कि आज़मगढ़ रोडवेज से प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से राजकीय मेडिकल कालेज तक वहाॅं से 4 बजे आज़मगढ़ के लिए बस चलेगी। बैठक में मण्डल के तीनों जनपदों में कतिपय रूट पर प्राइवेट बसों के संचालन की अनुमति प्रदान किये जाने के सम्बन्ध में प्राप्त आवेदन पत्रों पर चर्चा के दौरान पाया गया कि मऊ एवं बलिया जनपद से जिन मार्गों पर संचालन के परमिट हेतु आवेदन किया गया है उस पर रोडवेज की बसें पहले से ही संचालित हैं, जबकि आज़मगढ़ में प्रस्तावित दो रूट्स पर रोडवेज की बसें संचालित नहीं हैं। इसपर मण्डलायुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रस्तावित रूट का मुआयना कर ब्लैक स्पाट आदि देख लें तथा एक सप्ताह के अन्दर वस्तुस्थिति से अवगत करायें। बैठक में जिलाधिकारी राजेश कुमार ने निर्देश दिया कि प्राइवेट बसों को जिस रूट पर संचालन का परमिट दिया गया है सुनिश्चित करें कि परमिटेड बसें उसी रूट पर चलें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बसों को जितनी दूरी का परमिट दिया गया है उससे अधिक दूरी का संचालन किसी भी नहीं होना चाहिए तथा ऐसी बसों पर अनुमन्य दूरी स्पष्ट रूप से लिखी होना चाहिए। इसी प्रकार उन्होंने नगरीय क्षेत्र में चलने वाले आटो रिक्शा पर भी अंकन कराये जाने का निर्देश दिया।
शहर के अन्दर पूर्व में स्थापित आटो रिक्शा स्टैण्ड को नगर पालिका तत्काल संचालित करे: मण्डलायुक्त
मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में आरटीए तथा मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, अनुपस्थित एनएचएआई के परियोजना निदेशक से स्पष्टीकरण तलब

