नई दिल्ली, 03 मार्च। जमाअत इस्लामी हिन्द के पूर्व अमीर (अध्यक्ष) मौलाना सिराजुल हसन इस्लामी आन्दोलन और मुस्लिम समुदाय के उत्कृस्ट नेता थे। इस्लाम और मुस्लमानों के प्रति उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। मुस्लिम समुदाय ने एक बहुत बड़ा व्यक्तित्व खो दिया है। ये बातें जमाअत इस्लामी हिन्द के अमीर सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने मौलाना सिराजुल हसन के निधन पर मीडिया को जारी एक बयान में कहीं। उनका निधन कल शाम उनके पैतृक गांव रायचुर, कर्नाटक में हुआ। वे 88 वर्ष के थे।मौलाना सिराजुल हसन युवावस्था में ही जमाअत से जुड़ गये थे। 1958 से 26 वर्ष तक वह जमाअत के कर्नाटक ज़ोन के अमीर रहे। इसके बाद उन्हें बतौर राष्ट्रीय सचिव जमाअत इस्लामी हिन्द के मुख्यालय बुला लिया गया। 1990 से 2003 तक वे जमाअत के राष्ट्रीय अमीर रहे। इसके साथ ही उनहोंने आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, आल इंडिया मुस्लिम मजलिस मुशावरत, बाबरी मस्जिद राबिता कमिटी जैसे संगठनों के लिए भी सक्रिय योगदान दिया।मौलाना से अपने निजी सम्बंध का उल्लेख करते हुए अमीर जमाअत सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने बताया कि ‘‘मेरे व्यक्तित्व के प्रशिक्षण और निर्माण में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। मुझ जैसे अनेकों युवक को मौलाना ने धार्मिक कामों के लिए प्रशिक्षित किया।“ सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने उनके लिए अल्लाह से स्वर्ग की कामना की और परिजनों के साथ सहानुभूति प्रकट किया।

