आजमगढ़। नगर पालिका प्रशासन की ओर से सोमवार को शहर के कई मुहल्लों के साथ-साथ सरकारी एवं निजी संस्थानों तथा अखबारों के दफ्तरों को सेनेटाईज किया गया। इसके साथ ही शहर के सभी कन्टेनमेन्ट जोन, पुलिस लाइन परिसर व सदर अस्पताल में भी सेनेटाईजेशन का काम किया गया। इस सेनेटाईजेशन के साथ ही नगर पालिका प्रशासन की ओर से लगातार सेनेटाईजेशन करते रहने एवं शहर को साफ-सुथरा रखने की प्रतिबद्धता दोहरायी गयी। पालिकाध्यक्ष श्रीमती शीला श्रीवास्तव के प्रतिनिधि प्रणीत श्रीवास्तव हनी ने कहाकि इस वैश्विक महामारी कोरोना पर विजय हासिल करने के लिये जागरूकता सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन का जो दायित्व है उसे पालिका प्रशासन ईमानदारी से निभाता रहेगा। यदि किसी व्यक्ति को ऐसा लग रहा हो कि पालिका का कर्मचारी या अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति उदासीन है तथा शहर में साफ-सफाई और सेेनेटाईजेशन का काम सही ढंग से नहीं हो रहा है तो वह सीधे उनको अवगत करायें। हर नगरवासी की समस्या का त्वरित समाधान किया जायेगा। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसा देखा जा रहा है कि अनलाॅक-1 के साथ ही सभी लोग कोरोना को गंभीरता से लेना बंद कर दिये हैं तथा अधिकांश जगहों पर सोशल डिस्टेसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है। यही नहीं तमाम लोगों ने मास्क तक लगाना बंद कर दिया है। यह स्थितियां ठीक नहीं है। हर किसी को यह सोचना होगा कि उदासीन व्यक्ति खुद अकेले कोरोना से प्रभावित नहीं होगा बल्कि वह अपने पूरे परिवार और अपने आस-पास के लोगों को भी इस बीमारी की चपेट में ला देगा। ऐसे में हर किसी को बचाव के साधनों का उपयोग करना चाहिये।
