ए0एम0यू0 में परीक्षा कराने के सभी वैकल्पिक तरीकों पर हाे रहा विचार

0

अलीगढ़ 15 अप्रेल (ज़मीनी सच संवाददाता)- कोविड-19 (कोरोना वायरस) के दृष्टिगत राष्ट्रव्यापी तालाबंदी बढ़ोत्तरी किये जाने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने कहा है कि विश्वविद्यालय विशेष रूप से अंतम वर्ष के छात्र व छात्राओं की परीक्षा कराने के सभी वैकल्पिक तरीकों पर विचार कर रहा है। जिसमें आनलाइन परीक्षाऐं भी शामिल हैं।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय अंतिम वर्ष के छात्र व छात्राओं की परीक्षा और विभिन्न कोर्सों की प्रवेश परीक्षाओं को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 (कोरोना वायरस) संक्रमण के दृष्टिगत सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितयों को ध्यान में रखते हुए उचित परामर्श के बाद विचार किया जाएगा।विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र, उनके अभिभावकों और अमुवि बिरादरी के नाम जारी एक एक पत्र में प्रोफेसर तारिक मंसूर ने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, भारत सरकार ने इस मामले पर विचार करने के लिये दो विशेषज्ञ समितियों का गठन किया है। इनमें से एक समिति ऑनलाइन टीचिंग और ऑनलाइन परीक्षा से संबंधित मामलों के लिए गठित की गई है, जबकि दूसरी अकादमिक कैलेण्डर को सुचारू बनाने के लिये कार्य करेगी। इन दोनों विशेषज्ञ कमेटियों की जल्द ही रिपोर्ट आने के उपरान्त इस मुश्किल घड़ी में छात्रों के हित में उचित निर्णय लिये जाऐंगे। कुलपति ने शिक्षकों से कहा कि वह वर्तमान समस्याओं को अवसर में बदलें तथा वर्चुअल शिक्षण, अध्ययन तथा परीक्षा के नये तरीकों को सीखें। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक गूगिल क्लासरूम, हैंगआउट, जिटसी तथा जूम आदि जैसे आनलाइन माध्यमों द्वारा छात्रों को शिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वह सराहनीय हैं तथा अन्य शिक्षकों को भी चाहिये कि बिना देर किये शिक्षण के इन आधुनिक तरीकों को अपनाऐं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आवश्यक है कि आनलाइन शिक्षण एवं अध्ययन के तरीकों को जिस प्रकार भी संभव हो अपनाया जाए तथा पाठ्यक्रम के बचे हुए भाग को इस मुशिकल परिस्थिति में जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here